रतलाम। शनिवार को मतदान के बाद दोनों दलों के नेता आंकड़ों पर मंथन कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी निर्मला भूरिया और कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया देर रात तक कार्यकर्ताओं के साथ पोलिंग बूथ का फीड बैक लेते रहे। रविवार को दोनों ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए कार्यकर्ताओं व प्रशासन का आभार माना।
सुबह जहां कांतिलाल भूरिया ने भगवान गणेश को नमन कर दिन की शुरुआत की। वहीं निर्मला भूरिया ने घर के बगीचे में पौधों को पानी देने के साथ कुछ कार्यकर्ताओं से चर्चा की। दोपहर के बाद कांतिलाल भूरिया ने ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका के चलते तीनों जिला मुख्यालय के स्ट्रॉग रूम की निगरानी के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने चयनित कार्यकर्ताओं को ईवीएम की निगरानी का जिम्मा सौंपा है। वे स्वयं भी झाबुआ जिला मुख्यालय के स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए अपने कार्यकर्ताओं के साथ डटे रहे। वहीं, निर्मला भूरिया ने ऐसी किसी भी आशंका को खारिज कर दिया है। बकौल भूरिया, जनता ने अपना मत दे दिया हैं अब परिणाम जनादेश बताएंगे।
सुबह देर से खुली आंख
उपचुनाव में एक माह तक जुटे रहने वाले भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने शनिवार को जिलेभर में हुए शांतिपूर्ण मतदान के बाद राहत की सांस ली। रविवार को दिनभर दोनों प्रत्याशी अपने कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी मंथन करते रहे कि कहां कितना मतदान हुआ है। कांतिलाल भूरिया ने बताया कि रात डेढ़ बजे तक वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में व्यस्त रहे। रात को देर से सोने और लगातार जनसंपर्क में जुटे रहने से सुबह देरी से आंख खुली। निर्मला भूरिया ने बताया कि सुबह कार्यकर्ता आए थे उनसे चर्चा की। अब पौधों को पानी देकर आज के दिन की शुरुआत करूंगी। करीब एक महीने से चुनाव की तैयारियों में व्यस्त रहे।
मशीनों की सुरक्षा के लिए डाला डेरा
रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने कहा कि 2200 ईवीएम झाबुआ, आलीराजपुर और रतलाम जिला मुख्यालय पर स्ट्रांग रूम में रखी हैं। कांग्रेस ने इन मशीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने स्तर पर डेरा डाल रखा है। चुनिंदा कार्यकर्ता रात-दिन ईवीएम की सुरक्षा की निगरानी कर रहे हैं। ये निगरानी 24 नवंबर को मतगणना प्रारंभ होने तक रहेगी। भूरिया ने बताया कि इस संबंध में कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी, झाबुआ, आलीराजपुर और रतलाम को भी अनुमति संबंधी पत्र दिया हैं।