भोपाल। पिछले एक सप्ताह से लगातार जारी मौसम के उतर चढाव के बाद सोमवार को अचानक हुई बारिश ने फिजाओं में ठंडक घोल दी। सोमवार को सीहोर, रतलाम और विदिशा के कुछ इलाकों में चने के आकार के ओले भी गिरे। जबकि रविवार-सोमवार की रात भोपाल समेत प्रदेश के भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पचमढ़ी, बैतूल, जबलपुर संभागों में घने कोहरे बारिश के बीच ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं पचमढ़ी, बैतूल, जबलपुर संभागों में कई जगह बारिश ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। रतलाम में फोरलेन पर और मन्दसौर शहर और समीप क्षेत्रों में बारिश हुई। मल्हारगढ़ में ओले के साथ बारिश से मौसम सर्द हो गया।
अब आगे क्या..
मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ जगह ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि इस सप्ताह पूरे प्रदेश में ठंड का दौर जारी रहेगा। अगले दो दिनों में शहर समेत प्रदेशभर में शीतलहर चलेगी।तीन-चार दिन बादमौसम में फिर से बदलाव आना शुरू हो जायेगा।
 हवाओं के संगम ने बदला मौसम
 
1. वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एसके डे ने बताया कि अरब सागर की नमी के कारण मौसम में अचानक बदलाव आय है। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ है।
2.मध्य भारत में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं का संगम हो रहा है।
3. इसके कारण पूर्वी मप्र में प्रति चक्रवात बना है वहीं उत्तरी राजस्थान में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस समय ऊपरी हवा उत्तरी है, दक्षिण पश्चिमी हवा भी मिल रही है। इसके कारण अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से नमी भी आ रही है।
4. उत्तरी हवा और नमी के कारण कोहरे की स्थिति बनी है। अगले दो तीन दिन मौसम इसी तरह रहने की संभावना है।
5. सोमवार सुबह के समय कोहरा और दोपहर के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की स्थिति भी बन सकती है। फिलहाल तापमान में और ज्यादा गिरावट आने की संभावना नहीं है, लेकिन अगर बारिश होती है, तो तापमान में गिरावट होगी।
किसानों के चेहरे खिले
सूखे की मार झेल रहे प्रदेश में बारिश की वजह से किसानों के चेहरे पर मुस्कुराहट आई है, लेकिन ओलावृष्टि चिंता का सबब बन सकती है। बारिश की वजह से फसलों को फायदा मिलेगा।

 

By parshv