सिंहस्थ मद में बन रहा शहर का बस स्टैंड आसपास के शहरों में सबसे अच्छा बस स्टैंड होगा। इसका काम तेजी से किया जा रहा है और फरवरी में काम पूरा करने का टारगेट है। इसके बाद यात्रियों को यहां बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
यूं तो बस स्टैंड बरसों से था लेकिन हालत बहुत खराब थी। शहर के सभी प्रमुख मार्गों से बसें संचालित होती हैं लेकिन यहां एक भी व्यवस्थित बस स्टैंड नहीं है। ऐसे में रतलाम को राज्य सरकार ने सिंहस्थ मद से 2 करोड़ 16 लाख रुपए की मंजूरी देकर नया बस स्टैंड भवन बनवाने की स्वीकृति दी थी। काम शुरू हुए तीन माह से ज्यादा हो गया। कार्य काफी तेजी से किया जा रहा है। निगम अफसरों की माने तो फरवरी तक बस स्टैंड का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
बस स्टैंड का कार्य सिंहस्थ से पहले पूरा कराने के लिए अफसर लगातार दौरा कर रहे हैं। कलेक्टर खुद दो-तीन बार दौरा कर आवश्यक निर्देश दे चुके हैं। इसके अलावा निगमायुक्त समय-समय पर दौरा कर रहे हैं। अफसरों के निर्देश के बाद रात में भी यहां कार्य किया जा रहा है।
निर्माण तेजी से पूरा करेंगे
नए बस स्टैंड का काम प्रगति पर है। हमारी कोशिश है कि बस स्टैंड का निर्माण तेजी से पूरा किया जाए। फरवरी अंत तक कार्य पूरा हो जाएगा। यहां जुटाई जा रही सुविधाओं से यात्रियों को लाभ होगा।
सोमनाथ झारिया, ननि आयुक्त
नए भवन की लंबाई 64 मीटर व चौड़ाई 22 मीटर रहेगी।
बस स्टैंड के ठीक सामने एक समय में 8 बसें खड़ी हो सकेंगी।
भवन के भीतर एक समय में 1000 यात्री रुक सकेंगे।
बस स्टैंड भवन में ही पुलिस चौकी, पब्लिक एनाउंसमेंट रूम, 2 टिकट खिड़की रहेंगी।
इसके अलावा लॉकर रूम, हैंडिकैप रूम, एक कैंटीन और 2 अन्य दुकानें बनाई जाएंगी।
भवन के फ़र्स्ट फ्लोर पर 1500-1500 वर्ग फीट के 2 हॉल बनेंगे, इनमें ननि रैन बसेरा अथवा अन्य सेवा संचालित कर सकेगी।