रतलाम। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में राष्ट्रविरोधी नारेबाजी के बाद छिड़ी राजनीतिक जंग मेें भाजपा और कांग्रेस रोजाना प्रदर्शन व विरोध कर रही हैं। सोमवार को कांग्रेस ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेताओं के बयान का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला जलाया गया। पुलिस ने तिराहे पर कांग्र्रेसियों के प्रदर्शन पर नजर रखी रही थी। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की नजरों से बचकर नाले के किनारे पुतला जला दिया।
जेएनयू के मामले पर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर भाजपा पर भ्रामक प्रचार का आरोप लगाते हुए जिला व शहर कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री का पुतला जलाने की सूचना के बाद सुबह से पुलिस ने कोर्ट तिराहे पर व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कर रखे थे। सुबह करीब 11 बजे कांग्रेसी नेता पुतला जलाने के लिए पहुंचे, लेकिन हर तरफ पुलिस को देख उनके लिए तय स्थान पर पुतला जलाना संभव नहीं हो पा रहा था। पुलिस से बचकर तय स्थान पर प्रधानमंत्री का पुतला जलाने में कांग्रेसियों को खासी मशक्कत करना पड़ी। पुलिस से शुरुआती लुकाछिपी के बाद कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर तिराहे पर नाले के किनारे पुतला जला दिया।
दो घंटे भटके फिर जला पुतला
पुलिस चौकसी के बीच करीब दो घंटे कांग्रेस नेता पुतला जलाने को लेकर इधर-उधर होते रहे। बाद में दोपहर करीब 1 बजे पार्टी के कुछ कार्यकर्ता नाले के पास पुतला लेकर पहुंचे और पुलिस से नजरें बचाकर उसे जलाया। नाले के पास से धुआं उठता देख पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक पुतला लगभग जल चुका था, लेकिन निर्धारित स्थान से दूर पुतला जलने से उसने भी किसी प्रकार विरोध नहीं किया। हालांकि मौके पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के वीडियो बनवा लिए गए। पुतला जलाने के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रभु राठौर, नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शैरानी, मंसूरअली पटौदी सहित अन्य भी थे।
आज निकलेगा एकता मार्च
अजाक्स संगठन की छात्र ईकाई मध्यप्रदेश छात्र प्रकोष्ठ जेएनयू में की गई राष्ट्रविरोध नारजेबाजी करने वालों के खिलाफ मंगलवार को प्रदर्शन करेगी। अजाक्स छात्रसंघ के जिलाध्यक्ष डी कमलेश बान्द्रा ने बताया कि राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सुबह 11 बजे सड़क पर उतरा जाएगा। टैगोर प्रतिमा के पास कॉलेज रोड पर विरोध प्रदर्शन के बाद एकता मार्च निकालेंगे।