रतलाम। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में छात्रावासों की खराब हालत का जायजा लेने गुरुवार को खुद कलेक्टर रावटी पहुंच गए। उन्होंने दो छात्रावासों का निरीक्षण किया। यहां बालिकाओं से भोजन के संबंध में सवाल किया तो जवाब मिला- सर, दो रोटी और एक चम्मच चावल मिलते हैं। जिस दिन चावल नहीं बनते उस दिन तीन रोटी कर दी जाती है। डाइट के अनुसार बालिकाओं को भोजन नही मिलने पर कलेक्टर खासे नाराज हुए। बच्चियों ने उनके सामने छात्रावास में आने वाली दिक्कतों की जानकारी दी। इसी दौरान अधीक्षिका का भी झूठ पकड़ा गया।

 कलेक्टर बी. चंद्रशेखर गुरुवार शाम 4 बजे ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण पर निकले थे। उन्होंने रतलाम विकासखंड के पलसोड़ी, सैलाना के पाटली और बाजना के भेतिया व गढ़ावदिया में प्रस्तावित सिंचाई तालाबों की जगह का निरीक्षण किया। तालाब स्थल निरीक्षण के बाद शाम करीब 7 बजे कलेक्टर रावटी पहुंच गए थे। यहां उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित बालिका छात्रावास और आदिवासी कन्या आश्रम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण में सामने आईं कमियां

बालिकाओं को साप्ताहिक डाइट के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता है।
आदिवासी कन्या आश्रम में दो साल से न टीवी है न न्यूज पेपर डलवाया जाता है।
टॉयलेट में लाइट तक नहीं लगी है।
अधीक्षिका प्रेमलता डोडियार यहां मौजूद नहीं थी, कुछ देर बाद में पहुंची। कलेक्टर ने सवाल किया तो जवाब दिया- सर, बच्ची की तबीयत खराब थी, उसे रतलाम दिखाने ले गई थी। कलेक्टर ने तफ्तीश करवाई तो पता चला कि प्रेमलता डोडियार आश्रम में निवास ही नहीं करती है।

कमियां जल्द पूरी कर ली जाएंगी

निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर कमियां या लापरवाही मिली हैं, उसके संदर्भ में शुक्रवार को निर्णय लेंगे। आदर्श छात्रावास मुहिम के तहत कमियों को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। बी. चंद्रशेखर, कलेक्टर

आज चलेगी जेसीबी

रावटी में सर्वशिक्षा अभियान के छात्रावास की जमीन पर अतिक्रमण की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर ने शुक्रवार सुबह से अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि यदि कल तक अतिक्रमण नहीं हटा तो पटवारी, आर आई, सरपंच, सचिव से लेकर एसडीएम तक सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। छात्रावास की जमीन पर यहां पंचायत ने ही पट्टे भी बांट दिए।

By parshv