देश भर के बैंकों में बुधवार को काम-काज ठप रहेगा. सरकारी बैंकों के कर्मचारियों ने 18 दिसंबर को हड़ताल पर जाने का फैसला बरकरार रखा है. वे वेतन बढ़ाने तथा कुछ अन्य मांगों के समर्थन में काम बंद करने जा रहे हैं.
बैंक कर्मचारियों और आईबीए (इंडियन बैंक्स एसोसिएशन) के बीच बातचीत से कोई हल नहीं निकला. चीफ लेबर कमिश्नर ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की कोशिश की थी. यह जानकारी यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के कन्वीनर वेंकटाचलम ने दी.
बैंकों ने अपने ग्राहकों को इस बाबत सूचना दे दी है. उन्होंने कहा है कि कुछ कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से बैंकों में काम-काज प्रभावित हो सकता है.
बताया जाता है कि बैंकों ने अपने कर्मचारियों को 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऑफर किया था जो उन्हें मंजूर नहीं था. गौरतलब है कि देश में 27 सरकारी बैंक हैं जिनमें 8 लाख कर्मचारी काम करते हैं.