नई दिल्ली। एक बार फिर अमेरिकी डॉलर घरेलू मुद्रा पर भावी रहा जिसका असर शेयर बाजार पर दिखा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले खराब संकेतों ने भी शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार को नीचे ढकेला। बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 16 अंक की गिरावट के साथ 20,265.5 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा, एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक निफ्टी 11 अंक लुढ़ककर 6,007.5 पर आ गया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो अमेरिका में बॉन्ड खरीदारी घटने के डर से अमेरिकी बाजार सहम गए। लिहाजा 2 दिनों की बढ़त के बाद मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में 0.25 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। डाओ जोंस 32.4 अंक की गिरावट के साथ 15,750.7 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स 4.2 अंक की कमजोरी के साथ 1,767.7 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि, नैस्डेक सपाट होकर सोमवार के ही बंद हुए स्तर 3,920 पर बंद हुआ।

वहीं अमेरिकी बाजारों की सुस्ती का असर एशियाई बाजारों में साफतौर पर देखा जा सकता है। एशिया के सभी प्रमुख इंडेक्स लाल निशान पर नजर आ रहे हैं। जापान का बाजार निक्कई 0.2 फीसद की गिरावट के साथ 14,563 पर आ गया है। हैंगसैंग 261 अंक टूटकर 22,640 पर आ गया है।

By parshv