भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई. बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 166.58 अंकों की गिरावट के साथ 19727.27 के स्तर पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक निफ्टी भी 49.05 अंकों की गिरावट के साथ 5833.20 अंक पर बंद हुआ.
जानकारों ने पहले ही आशंका जताई थी कि भारतीय शेयर बाजारों में अभी कोई बड़ी तेजी नहीं देखी जाएगी. अमेरिका के केंद्रीय बैंक द्वारा अगले महीने की जाने वाली समीक्षा में राहत पैकेज में कटौती देखने को मिल सकती है. इस आशंका से अभी दुनिया भर के बाजारों में मंदी देखी जा रही है. जानकारों का मानना है कि अगले साल मई में होने वाले लोकसभा चुनाव और भारतीय अर्थव्यवस्था में अनिश्चितिता को देखते हुए विदेशी संस्थागत निवेशक अभी भारतीय शेयर बाजारों में ज्यादा निवेश नहीं करने वाले.
बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में आज गिरावट देखने को मिली. हालांकि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) द्वारा बैंकों में तरलता बनाए रखने के लिए सीधे तौर पर हस्तक्षेप किए जाने के आश्वासन के बाद बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में आने वाले दिनों में तेजी देखी जा सकती है. जैसी की संभावना है अक्टूबर में आरबीआई बैंकों में तरलता कम करने के लिए उठाए गए कदमों में कुछ ढील दे सकता है. ऐसे में बैंकिंग सेक्टर के शेयर अगले कुछ महीनों के दौरान अच्छा रिटर्न दे सकते हैं.
चूंकि शेयर बाजार में बड़ी तेजी आने की अभी कोई खास वजह नजर नहीं आ रही है फार्मा और निर्यात से जुड़े आईटी जैसे क्षेत्रों के शेयरों में खरीदारी अभी सेफ हो सकता है.
बांबे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में शुक्रवार सुबह बढ़त देखी गई थी. सुबह 9:20 बजे सेंसेक्स 60.15 अंकों की बढ़त के साथ 19953.77 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी भी इस समय 22.85 अंकों की बढ़त के साथ 5905.10 के स्तर पर कारोबार कर रहा था.
रुपया मजबूत
शुक्रवार को रुपये में मजबूती देखी गई. शाम 3:40 बजे रुपया एक डॉलर के मुकाबले 28 पैसा मजबूत होकर 62.35 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. रुपये में सुधार की वजह जानकार सोने का आयात घटने से चालू खाता में सुधार होना बता रहे हैं. विदेशी मुद्रा भंडार के बढ़ने से भी रुपये में मजबूती देखी जा रही है.
सोना फीका
सोने की कीमतों में शुक्रवार को तेजी देखी गई. सोना शाम 3:40 बजे प्रति 10 ग्राम 35 रुपये की तेजी के साथ 29900 रुपये पर कारोबार कर रहा था. जानकारों को मानना है कि फेस्टिव सीजन को देखते हुए सोने की कीमतों में अभी कोई बड़ी गिरावट नहीं आने वाली.