मुंबईः महानायक अमिताभ बच्चन 11 अक्बटूर को 75 साल के हो जाएंगे, लेकिन इस बार उन्होंने जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है। बच्चन ने कहा कि इस साल वह सफर पर होंगे और दिवाली भी नहीं मना सकेंगे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आप लोगों की सूचना के लिए यह बता रहा हूं कि इस साल दिवाली का कोई जश्न नहीं होगा।’’ अपने आधिकारिक ब्लॉग पर बच्चन ने लिखा, ‘‘इस बार 75वें जन्मदिन पर कोई जश्न नहीं होगा और शहर में मेरी मौजूदगी की उम्मीद नहीं है।’’

आगामी फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदुस्तान’ में अमिताभ बच्चन के साथ काम करने वाले अभिनेता आमिर खान का कहना है कि रुपहले पर्दे पर महानायक को देखना एक संतुष्टिदायक अनुभव होता है और उन्हें जो सुपरस्टारडम मिला है वह फिर से नहीं बनाया जा सकता।

यह पूछे जाने पर कि क्या अमिताभ के साथ काम करना उनके लिए बहुत बड़ी बात थी तो दिग्गज अभिनेता के प्रशंसक आमिर ने बताया, “मिस्टर बच्चन को सिनेमाघर में देखना..उनकी आभा, एक्शन, उनके अभिनय की हर बारीकियों को देखना सिनेमा में एक संतुष्टिदायक अनुभव है।”

अमिताभ बच्चन की फिल्मों में से किसी एक पसंदीदा फिल्म को चुनना आमिर के लिए मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अमिताभ की कई फिल्में उन्हें बेहद पसंद है, जैसे ‘नटवरलाल’, ‘डॉन’ और ‘नमक हलाल’।

अमिताभ के स्टारडम के बारे में आमिर ने कहा, “मुझे लगता है कि अमिताभ बच्चन के जैसा स्टारडम फिर से नहीं बनाया जा सकता। यह बेहद अनोखा है, उनके पास जो करिश्माई व्यक्तित्व है..मेरा मतलब कि आप कल्पना कीजिए कि एक समय ऐसा था जब उनकी सात फिल्में सिनेमाघरों में महीनों से चल रही थी।”