रानी पद्मावती के मुद्दे पर फेसबुक पर पोस्ट और कमेंट्स करने को लेकर बुधवार देर रात करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने स्टेशन रोड थाना घेर दिया। कार्यकर्ता कमेंट्स करने वाले युवक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने थाने पर लिखित शिकायत दी।

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश संयोजक यादवेंद्रसिंह तोमर ने बताया सतित्व के सम्मान की रक्षा का इतिहास रचने वाली महारानी पद्मावती की छवि बिगाड़ने का प्रयास संजयलीला भंसाली द्वारा बनाई फिल्म में किया गया है। महारानी की गलत छवि प्रस्तुत करने को लेकर राजपूत समाज आक्रोशित है। सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने भी इसका विरोध किया है। रतलाम में साजिद खान नामक युवक ने 14 नवंबर को शाम 6.15 बजे और 15 नवंबर को दोपहर 3.22 बजे फेसबुक पर दो पोस्ट डालकर महारानी पद्मावती मुद्दे पर कटाक्ष के लिए सांसद के प्रति अनर्गल टिप्पणी की। फेसबुक पर पोस्ट देखकर आक्रोश फैला और समाज के युवक रात को एकत्र होकर स्टेशन रोड थाने पहुंचे। प्रदेश संयोजक तोमर, प्रदेश अध्यक्ष जीवनसिंह शेरपुर, नगर अध्यक्ष गौरवसिंह पलसोड़ा, जिला महासचिव किशोर सिंह चौहान ने सीएसपी विवेकसिंह चौहान, टीआई अजय सारवान से चर्चा कर प्रकरण दर्ज करने की मांग की।

करणी सेना के महाविद्यालय संयोजक प्रवीण सिंह ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी। सीएसपी चौहान ने बताया फेसबुक टिप्पणी को लेकर शिकायत मिली है। विधि विशेषज्ञ से सलाह लेकर कार्रवाई की जाएगी।

प्रकरण दर्ज नहीं होने पर करणी सेना के पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को एएसपी प्रदीप शर्मा से मुलाकात की। एएसपी शर्मा ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।