बाॅलीवुड एक्टर ऋषि कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘मुल्क’ का ट्रेलर हाल ही रिलीज किया गया है। सामाजिक विषय पर बनी इस फिल्म का ट्रेलर कई जगह रोंगटे खड़े करने वाले डायलॉग से भरा हुआ है। कोर्ट के सीन, एक परिवार की बेबसी और न्याय के लिए हो रही जंग इसे और भी बेहतर बना रही है।
ट्रेलर में उन सवालों को उठाया गया है, जिन्हें भारत की राजनीति ने अपने स्वार्थ के लिए अपनाया है। यह एक एेसे परिवार की कहानी है जिस पर जिहाद के नाम पर आतंकी होने का ठप्पा लगा दिया गया। इस ट्रेलर को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
बता दें फिल्म में ऋषि कपूर के अलावा तापसी पन्नू नजर आएंगी। फिल्म में ऋषि कपूर के किरदार का नाम मुराद अली मोहम्मद है तो तापसी पन्नू आरती मोहम्मद की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है जबकि निर्माता दीपक मुकुट हैं। इस फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के बनारस और लखनऊ जैसे शहरों में की गई है। यह फिल्म 3 अगस्त को रिलीज होगी।