भारी विरोध के बीच संजय लीला भंसाली की दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर स्टारर फिल्म पद्मावत गुरुवार को रिलीज हो गई। बीती शाम एक अवॉर्ड समारोह में पुलिस सुरक्षा के साथ पहुंचीं दीपिका पादुकोण ने कहा कि लंबे इंतजार और परेशानियों के बाद ‘पद्मावत’ रिलीज़ हो रही है, इसलिए अब जश्न मनाने का समय आ गया है। फिल्म के बिज़नस को लेकर दीपिका ने कहा कि उन्हें यकीन है कि ‘पद्मावत’ बॉक्स ऑफिस एक नया बेंचमार्क स्थापित करेगा। वहीं फिल्म के एक अन्य कालाकार रणवीर ने ट्वीट कर फिल्म के रिलीज होने पर खुशी जताई और फिल्म का हिस्सा होने पर गर्व की बात कही।

दीपिका कहती हैं, ‘इस समय मैं बेहद भावुक हूं, इस फिल्म ने बहुत परेशानियों को बर्दाश्त किया है और अब यह फाइनली रिलीज़ हो रही है। फिल्म देखने के बाद मेरे काम के लिए जबरदस्त प्रतिक्रिया सामने आ रही है। हम फिल्म की रिलीज़ को लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित हैं, रिलीज़ का दिन हम सबके लिए बहुत बड़ा दिन है। मैं अपनी फिल्म की पूरी टीम की तरफ से मीडिया को धन्यवाद देती हूं। मुझे लगता है अब पद्मावत के लिए जश्न मनाने का समय आ गया है।’

दीपिका आगे कहती हैं, ‘हर चीज का एक समय होता है, अब फिल्म और हमारे काम से सबको जवाब मिल जाएगा। हम अगर किसी को कोई जवाब देना चाहते हैं तो जवाब देने का तरीका अपने बेहतर काम से अच्छा कुछ नहीं हो सकता है। वैसे तो मैं कभी भी अपनी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस नंबर को लेकर उत्साहित नहीं रहती थी, लेकिन इस बार मैं पद्मावत के होने वाले बिज़नस को लेकर बेहद उत्साहित हूं, मुझे पक्का विश्वास है कि पद्मावत का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन धूम मचा देगा।’

पद्मावत में अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभा रहे अभिनेता रणवीर ने भी फिल्म की रिलीज पर खुशी जताई है। रणवीर ने ट्वीट कर कहा, ‘मुझे अपनी टीम पर गर्व है। टीम पद्मावत की जीत के लिए! हर किसी को प्यार वाली झप्पी।’