मुंबई।। 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट केस में 42 महीने की सजा काट रहे फिल्म ऐक्टर संजय दत्त को 14 दिन की छुट्टी मिल गई है। संजय दत्त मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे यरवडा जेल से घर के लिए निकले।

संजय दत्त ने पैर के इलाज के लिए कुछ दिन पहले अर्जी दी थी। यरवडा जेल के सुपरिंटेंडेंट योगेश देसाई ने डिविजनल कमिश्नर को उनकी अर्जी भेजी थी, जिसे मंजूर कर लिया गया था। यरवडा जेल प्रशासन ने इसके लिए एक नाटक का मंचन स्थगित कर दिया। संजय दत्त इसमें भाग लेने वाले थे।

संजय दत्त को फरलो नियम के तहत यह 14 दिन की छुट्टी मिली है। कैदी को फरलो नियम के तहत मिलने वाली छुट्टी कोर्ट द्वारा परोल से दी जाने वाली छुट्टी से अलग है। फरलो नियम में जेल प्रशासन ही कैदी को छुट्टी मंजूर कर सकता है

गौरतलब है कि टाडा अदालत ने संजय दत्त को 9 एमएम की पिस्तौल और एक एके 56 राइफल रखने के लिए सजा सुनाई थी। ये हथियार मार्च 1993 में सीरियल ब्लास्ट करने के मकसद से लाए गए हथियारों की खेप में शामिल थे। ब्लास्ट में 257 लोगों की मौत हो गई थी और 700 से ज्यादा जख्मी हुए थे।

By parshv