क्या आप लंबे समय तक बैठकर काम करने के आदी हो चुके हैं? तो सावधान हो जाएं। ऐसी आदत आपकी जिंदगी के लिए खतरनाक हो सकती है। नए अध्ययन का दावा है कि लगातार एक दो घंटे बैठकर काम करने से असमय मौत का खतरा सबसे ज्यादा हो सकता है।
शोधकर्ताओं ने पाया कि ऐसे वयस्क जो बिना किसी गतिशीलता के एक-दो घंटे तक बैठे रहते हैं, उनमें असमय मौत का खतरा ज्यादा रहता है। जबकि कम समय ऐसा करने वालों में इसका खतरा उतना नहीं पाया गया।
पूर्व के अध्ययनों से भी यह जाहिर हो चुका है कि लंबे समय तक बैठना अच्छी सेहत के लिए बुरा हो सकता है। अमेरिका के कोलंबिया यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर के शोधकर्ता कीथ डियाज ने कहा, अगर आप की ऐसी नौकरी या जीवनशैली है जिसमें आपको लंबे समय तक बैठे रहना पड़ता है तो हमारा सुझाव है कि हर आधे घंटे पर थोड़ी चहलकदमी कर लें। इस आदत से असमय मौत का खतरा कम किया जा सकता है।