प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की संपत्ति पिछले साल की तुलना में दोगुना बढ़कर करीब 10.73 करोड़ रुपए हो गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पर मंत्रियों के संपत्ति की जारी सूची में मनमोहन सिंह ने रिहायशी संपत्ति, बैंक में जमा राशि और एक मारुति 800 कार को अपनी संपत्ति के तौर पर दर्शाया है।
सिंह की संपत्ति सूची में शामिल हैं उनके चंडीगढ़ और दिल्ली स्थित दो फ्लैट, जिसकी कीमत 7.27 करोड़ रुपए है वहीं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न खातों में उनकी सावधि जमा राशि और निवेशों की राशि करीब 3.46 करोड़ रुपए है। उन्होंने अपनी संपत्ति 10,73,88,730.81 रूपए (करीब 19.73 करोड़ रुपए) की घोषित की है।
गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल प्रधानमंत्री ने अपनी कुल संपत्ति 5.11 करोड़ रुपए की घोषित की थी। तब उनके चंडीगढ़ और वसंत कुंज स्थित फ्लैटों की कीमत 1.78 करोड़ रुपए थी और उनके पास 2.75 लाख रुपए मूल्य के 150.80 ग्राम सोने के गहने थे।
हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि सिंह की संपत्ति तो वही है,लेकिन सरकार की मंजूरी प्राप्त एक आकलनकर्ता द्वारा किए गए आकलन के अनुसार, उस संपत्ति का मूल्य बढ़ गया है।
वेबसाइट में जारी सूची के अनुसार अमीर कैबिनेट मंत्रियों में जहां प्रफुल पटेल की संपत्ति 52 करोड़ रुपए है वही, शरद पवार की संपत्ति 22 करोड़ रुपए है। जबकि कैबिनेट मंत्रियों की सूची में संपत्ति के नाम पर रक्षा मंत्री एके एंटनी का नाम सबसे नीचे है। उनकी संपत्ति करीब 55 लाख रुपए है।