नाकामियों को छुपाने के लिए ‘आप’ का मोर्चा पुलिस से, नजर चुनाव पर

0

महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार आंदोलन चलाकर दिल्ली की हुकूमत पर कब्जा जमाने में कामयाब रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अब दिल्ली पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोला है। उनका आरोप है कि गरीबों पर जुल्म ढाने वाली पुलिस के खिलाफ वह और उनकी पार्टी निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। लेकिन सियासी हलकों में उनके ताजा रुख को लोकसभा चुनावों की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

अपने मंत्रियों के साथ बदसुलूकी और विदेशी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चार पुलिस अधिकारियों के निलंबन की मांग को लेकर अपनी सरकार को दांव पर लगाने वाले केजरीवाल अब यह भी कह रहे हैं कि दिल्ली पुलिस रेहड़ी-पटरी वालों को तंग करती है। वो पुलिस द्वारा गरीबों को तंग करने की बात भी कर रहे हैं। उनके इन बयानों को राजनीतिक चश्मे से देखा-समझा जा रहा है। विपक्षी नेता आरोप लगा रहे हैं कि है कि दिल्ली की जनता को गुमराह कर वोट बटोरने का केजरीवाल का यह नया तरीका है।

आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से केजरीवाल सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर है। भाजपा आरोप लगा रही है कि कांग्रेस से समर्थन लेकर सरकार चला रहे केजरीवाल जानबूझकर पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और उनके मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई करने से बच रहे हैं। कांग्रेस उन्हें समर्थन जरूर दे रही है लेकिन कदम-कदम पर उनकी नाकामियां गिना कर उन्हें नाकारा साबित करने पर भी तुली है। सियासी जानकारों की मानें तो केजरीवाल सरकार ने कई मोर्चे एक साथ खोल दिए हैं। निजी बिजली कंपनियों के खातों की जांच शुरू कराए जाने से इन कंपनियों और सरकार के बीच अंदरखाने तकरार शुरू हो गई है। नौकरशाही में भी सरकार को लेकर जबरदस्त नाराजगी है। अब दिल्ली पुलिस से भी दो-दो हाथ हो रहा है। सरकार पर ठेका पर काम करने वाले कर्मचारियों ने भी उन्हें नियमित किए जाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया है। सरकार से जुड़े ऐसे अन्य और कई मुद्दे हैं जिन्हें लेकर सरकार दबाव में है।

केजरीवाल सरकार चलाने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं और अपनी विफलता को छिपाने के लिए नए-नए रास्ते तलाश रहे हैं। –डॉ. हर्षवर्धन, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष

मुख्यमंत्री को अब सामने लोकसभा चुनाव दिखाई दे रहे हैं और वो सरकार को भगवान भरोसे छोड़ गरीब जनता को एक बार फिर से गुमराह कर वोट बटोरने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। –हारून यूसुफ, कांग्रेस विधायक दल के नेता