लड़की ने चाकू मारकर मनचले लड़के को सबक सिखाया

0

पटना। पटना जिले में मनचलों की छेड़खानी से परेशान लड़की ने छेड़खानी करने वाले एक लड़के को चाकू मारकर घालय कर दिया है। खून से लथपथ लड़के ने भी अपने बचाव में चाकू घोंपने वाली लड़की पर बेल्ट से हमला किया, जिसमें वह मामूली रूप से जख्मी हो गई। घायल अवस्था में लड़के को उसके साथियों ने अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के मुताबिक, लोकल ट्रेनों में रोजाना मनचलों का समूह चलता है, जो सफर करने वाली छात्रओं के साथ छेड़खानी करते हैं। हर दिन की तरह शुक्रवार को भी दानापुर-मोकामा ईएमयू में मनचले छात्राओं को परेशान कर रहे थे। एक लड़का एक छात्रा को लगातार कई दिनों से परेशान कर रहा था। बाढ़ स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही लड़कियां उतर गईं और लड़कों के उतरने का इंतजार करने लगीं। मौका पाकर एक छात्रा ने अबोध नामक लड़के पर चाकू से वार कर दिया। घटना से अफरातफरी मच गई।

यह सब देख लड़कियों के साथ छेड़खानी करने वाले अन्य लफंगे भाग निकले। छात्रओं का तेवर देख किसी ने अबोध को बचाने की कोशिश तक नहीं की। इस बीच हमला करने के बाद लड़कियां भी वहां से चलती बनीं। माहौल शांत होने के बाद दोस्तों ने अबोध को उठाकर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इस बारे में रेल थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।