नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2014 की मतगणना शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है। ऐसे में पहले ही अपनी जीत तय मान चुकी भाजपा के अंदर की गतिविधियां भी काफी तेजी के साथ बदलती नजर आ रही हैं। सूत्रों की मानें तो नितिन गडकरी मोदी सरकार में शामिल नहीं होंगे। यह बात चौंकाने वाली जरूर हो सकती है, लेकिन घबराने वाली नहीं, क्योंकि उन्हें भाजपा के नए अध्यक्ष बनाने की पूरी तैयारी की जा रही है।
अब सवाल यह उठता है कि अगर गडकरी भाजपा के अध्यक्ष बन गए तो राजनाथ सिंह का क्या होगा? यह भी घबराने वाली बात नहीं है, क्योंकि राजनाथ सिंह सरकार में शामिल होने जा रहे हैं। खुद नरेंद्र मोदी ने उनसे ऐसा करने का आग्रह किया है। हालांकि राजनाथ सिंह अभी असमंजस में हैं कि वे क्या करें, लेकिन सूत्रों की मानें तो वे सरकार में ही शामिल होंगे। आज सुबह ही आरएसएस के नेता सुरेश सोनी ने भी राजनाथ सिंह से मुलाकात की है। इस बैठक में रामलाल के साथ-साथ वी सतीश और सौदान सिंह भी शामिल थे। इस बैठक के बाद अमित शाह भी राजनाथ सिंह से मिलने उनके आवास पर गए। उधर, वरुण गांधी और उमा भारत ने आज नितिन गडकरी से मुलाकात की।
हम आपको बता दें कि भाजपा में एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत रहा है इसीलिए राजनाथ सिंह के सरकार में शामिल होने के बाद वे अध्यक्ष पद पर बने नहीं रह सकते। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही यह खबर चर्चा में थी कि नितिन गडकरी भाजपा के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे, लेकिन उन्होंने इस बात से इन्कार करते हुए कह दिया था कि उन्हें अध्यक्ष पद का कोई लोभ नहीं है। पार्टी ही उनकी भूमिका तय करेगी, जो उन्हें मंजूर होगा।