इमालवा – नई दिल्ली | राज्य प्रशासनिक, पुलिस व अन्य सेवाओं से अखिल भारतीय सेवाओं में पदोन्नति के लिए 54 वर्ष की आयु सीमा 56 या 58 वर्ष की जाएगी। केन्द्रीय कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। वर्तमान में आयु सीमा बढ़ाने के मामले में उड़ीसा व केरल के सेवानिवृत्ति संबंधी नियम बाधा हैं। आयु सीमा बढ़ती है तो 54 वर्ष से अघिक आयु के देश भर के हजारों अघिकारी अखिल भारतीय सेवाओं में पदोन्नत हो सकेंगे। गौरतलब है कि प्रदेश में हाल में राज्य सेवाओं से अखिल भारतीय सेवाओं में पदोन्नति के दौरान कई अघिकारी सिर्फ इस आयु सीमा के कारण ही पदोन्नत नहीं हो पाए थे।
जानकारों के अनुसार यह नियम 1975 से लागू है। तब सभी राज्यों में सेवानिवृत्ति की अधिकतम आयु 55 साल होती थी। इसके चलते 54 की आयु वाले अफसरों को पदोन्नति नहीं दी जाती थी। इसके बाद राजस्थान सहित ज्यादातर राज्यों ने (उड़ीसा व केरल को छोड़कर) सेवानिवृत्ति की आयु 58 और 60 वर्ष कर दी, लेकिन आईएएस-आईपीएस में पदोन्नति के लिए उम्र सीमा 54 वर्ष ही रही।
यह नियम योग्य व शानदार रिकॉर्ड वाले अधिकारियों को हतोत्साहित कर रहा है। जल्द ही आयु सीमा बढ़ाने का काम किया जाएगा।
वी. नारायणसामी, केन्द्रीय कार्मिक मंत्री
इसके लिए सर्वे करवाया जाएगा। उड़ीसा व केरल में सेवानिवृत्ति की उम्र अभी 55 से 58 वर्ष है। दोनों राज्यों से बातचीत कर सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी। इन राज्यों के लिए अलग से कोई प्रावधान करने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि शेष राज्यों के प्रतिभाशाली अधिकारियों को निराश न होना पड़े।
पी. के. मिश्रा, सचिव-केन्द्रीय कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग