जम्मू: नैशनल कान्फ्रेंस ने शुक्रवार को कसम खाई है कि अनुच्छेद 35ए की सुरक्षा हेतु वो कोई भी कुर्बानी देने को तैयार है। पार्टी ने कहा कि जम्मू कश्मीर और लद्दाख की पहचान है अनुच्छेद 35ए और उसकी सुरक्षा नैकां की तरफ से शेरे कश्मीर शेख मोहम्मद अब्दुल्ला को पार्टी की तरफ से श्रद्धांजलि होगी। शेरे कश्मीर भवन में शेख अब्दुल्ला को उनकी 35वीं पुण्यतीथि पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पार्टी के प्रांतीय प्रधान देवेन्द्र सिंह राना ने यह बात कही।
पार्टी की तरफ से शेरे कश्मीर भवन में एक कार्यक्रम रखा गया जिसमें नैकां के कई वरिष्ठ नेताओं ने शेख अब्दुल्ला को श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी द्वारा अम्बफला स्थित वुद्धाश्रम में खाने-पीने का सामान भी बांटा गया। कार्यक्रम में बोलते हुए देवेन्द्र सिंह राना ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों को अनुच्छेद 35ए एक पहचान देता है और इसके साथ किसी भी तरह की खिलावाड़ बर्दाशत नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महाराजा हरि सिंह की सहमति से यह अनुच्छेद लागू हुआ है और इससे डुग्गरदेश की पहचान भी जुड़ी है। राना ने कहा कि अनुच्छेद हटता है तो युवओं को सबसे ज्यादा दंश झेलना पड़ेगा क्योंकि उनकी नौकरियां कोई और ले जाएगा। उन्होंने कहा कि नैकां कसम खाती है कि वो आर्टिक्ल 35ए को बचाने के लिए हर तरह से कुर्बानी देगी और इसकी रक्षा करेगी।