रालेगण सिद्धी। जनलोकपाल विधेयक की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे अन्ना हजारे के आंदोलन में चौथे दिन शुक्रवार को उस वक्त विवाद हो गया जब पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह ने अपने भाषण में इशारों ही इशारों में अरविंद केजरीवाल और उनके द्वारा बनाई गई पार्टी को एक धोखाधड़ी बताया।
उन्होंने कहा कि यह समय अन्ना के साथ आकर आंदोलन में भागीदारी निभाने का है न कि उन्हें घोखा देकर नया संगठन खड़ा कर लेने का। जनरल सिंह के भाषण के दौरान ही वहां मौजूद आप नेता गोपाल राय ने इसका विरोध किया।
इस दौरान वीके सिंह और गोपाल के बीच कुछ बयानबाजी भी हुई। इससे नाराज अन्ना ने तुरंत माइक लेकर गोपाल राय को डांट लगा दी। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें वीके सिंह की बात पसंद नहीं आई है तो वह वहां से जा सकते हैं। अन्ना ने साफ कहा कि यह मंच बहस का नहीं है।
अन्ना के बयान से आहत गोपाल ने बाद में जनरल सिंह पर बेहद तीखा कमेंट करते हुए उन्हें चुनाव का टिकट पाने के लिए मोदी की चाटूकारिता करने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि यह जनलोकपाल पर बात करने का मंच है लिहाजा यहां पर अन्य मुद्दों पर चर्चा बर्दाश्त नहीं की जाएगी