नई दिल्ली: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए असम में पहली बार अपना परचम लहराया है वहीं पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तमिलनाडु में जयललिता की वापसी हुई जबकि केरल और असम में कांग्रेस को सत्ता गंवानी पड़ी है। पांच राज्यों में जारी मतगणना में अब तक मिले परिणामों और रुझानों के अनुसार पुड्डुचेरी में कांग्रेस गठबंधन आगे चल रहा है। कांग्रेस ने दस सीटें जीत ली हैं और तीन पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं तथा एक सीट उसकी सहयोगी द्रमुक ने जीती है।

असम में BJP ने रचा इतिहास
असम में पहली बार कमल खिलता हुआ नजर रहा है क्योंकि यहां भाजपा गठबंधन सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरा है। असम में इतिहास रचते हुए भाजपा ने तीन सीटें जीत ली हैं और 55 पर उसके प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। उसकी गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद भी तीन सीटें हासिल कर चुकी है और 11 पर उसके उम्मीदवार बढत बनाए हुए हैं। भाजपा के दूसरे सहयोगी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के उम्मीदवार 12 सीटों पर आगे चल रहे हैं। डेढ़ दशक से राज्य की सत्ता में रही कांग्रेस ने अब तक एक सीट जीती है और 25 पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। एआईयूडीएफ दो सीटें जीतने के साथ ही दस सीटों पर आगे है। बता दें कि  15 साल से सरकार चला रहे गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस इस बार बाहर होती नजर आ रही है।


Elections Highlights

पश्चिम बंगाल-ममता बनर्जी की दोबारा सत्ता में
पश्चिम बंगाल के 294 विधानसभा सीटों के परिणामों और रुझानों के अनुसार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का करिश्मा बरकरार रहा है और अब तक घोषित 23 चुनाव परिणामों में से 22 उसके पक्ष में गए हैं और 192 सीटों पर उसके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। एक सीट कांग्रेस ने जीती है और 42 पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। उसकी गठबंधन सहयोगी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी 23 सीटों, भरतीय कम्युनिस्ट पार्टी एक सीट पर तथा आएसपी दो सीटों पर आगे है। भाजपा तीन सीटों और उसका सहयोगी गोरखा जनमुक्ति मोर्चा भी तीन सीटों पर आगे है।

तमिलनाडु- अम्मा ने तोड़ा रिकार्ड
तमिलनाडु में 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 68 केंद्रों पर मतगणना के रुझानों से AIADMK प्रमुख जयललिता की जीत लगभग तय हो गई है।

केरल: कांग्रेस का बुरा हाल
केरल में 140 विधानसभा सीटों वोटों की गिनती जारी है। अभी तक के रुझान को देखें तो केरल ने फिर अपना इतिहास दोहराया है। जहां हर पांच साल के बाद सत्ता यूडीएफ और एलडीएफ के पास जाती रहती है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्कसिस्ट (CPIM) ने अभी तक 27 सीटों पर जीत हासिल कर ली है।

पुड्डूचेरी: 4 सीटों पर कांग्रेस जीती
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा की 30 सीटों के लिए वोटों की गिनती जारी है। फिलहाल कांग्रेस ने 10 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस को कांटे की टक्कर दे रही AINRC ने भी 8 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। कांग्रेस 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

By parshv