कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने आज सरकार की ओर से अपना पहला बजट पेश करते हुए किसानों की कर्ज माफी की घोषणा की। उन्होंने बजट पेश के दौरान कहा कि किसानों का 34000 करोड़ रुपए का कर्ज माफ। कर्नाटक मुख्यमंत्री ने कहा कि हर किसान का 2 लाख रुपया माफ होगा। सीएम ने कहा कि किसानों को 31 दिसंबर, 2017 तक लिए कर्ज पर ऋण माफी का लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी।
इंदिरा कैंटिन, अन्न भाग्य योजना जारी रहेंगी, इसे और बेहतर बनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विश्वास जताया था कि सरकार अपने चुनावी वादे के मुताबिक किसानों का कर्ज माफ करेगी और यहीं से पूरे देश के किसानों के लिए उम्मीद पैदा होगी। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि कांग्रेस-जद(एस) सरकार किसानों की कर्जमाफी करने और खेती को अधिक मुनाफे का काम बनाने के हमारे वादे को पूरा करेगी।’’