कर्नाटक विधानसभा चुनाव की जंग अब दिलचस्प मोड़ पर आ गई है. गुरुवार को कर्नाटक में रैलियों का महासंग्राम है. गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक में प्रचार कर रहे हैं. यह पहला मौका होगा जब एक ही दिन मोदी-योगी-राहुल कर्नाटक में प्रचार करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कर्नाटक के गुलबर्गा में रैली को संबोधित किया.

प्रधानमंत्री ने स्थानीय भाषा में अपने भाषण की शुरुआत की. प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव आते-जाते हैं लेकिन ऐसा जनसैलाब कभी-कभी देखने को मिलता है. कर्नाटक के लोग अब कांग्रेस की सरकार को सहन नहीं कर पा रहे हैं. कर्नाटक के पांच साल तबाह हो गए, लेकिन अब बर्बाद नहीं होने देना है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के हर कोने से कांग्रेस पार्टी की छुट्टी हो रही है, जहां भी नज़र डालेंगे वहां से कांग्रेस का सफाया हो रहा है.

सरदार पटेल का अपमान करती है कांग्रेस
PM मोदी ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ हार-जीत का नहीं है, बल्कि युवाओं के भविष्य का चुनाव है. जब राज्य में हमारी सरकार आएगी तो केंद्र और राज्य सरकार कंधे से कंधा मिलाकर विकास के लिए काम करेगी. उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल का इस जगह से काफी गहरा रिश्ता रहा है. जब निज़ाम ने समझौते पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था, तब सरदार पटेल ने उन्हें झुकने को मजबूर कर दिया था.

पीएम मोदी ने कहा कि जब भी सरदार पटेल का नाम आता है तो कांग्रेस के एक परिवार की नींद उड़ जाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए सरदार पटेल का तिरस्कार करना स्वभाव में है. प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश के जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की तो कांग्रेस ने उसपर भी सवाल खड़े किए. और कहा कि कांग्रेस ने तब हमसे सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हमारे राष्ट्रगीत वंदे मातरम का अपमान करते हैं.

गुलबर्गा के अलावा पीएम मोदी बेल्लारी और बेंगलुरु में रैली को संबोधित करेंगे. नॉर्थ कर्नाटक में रैली कर रहे मोदी की नज़र लिंगायत समुदाय को रिझाने की होगी. आपको बता दें कि बेल्लारी का क्षेत्र बहुचर्चित रेड्डी बंधुओं का गढ़ है. रेड्डी बंधुओं के बीजेपी के साथ आने पर कांग्रेस लगातार निशाना साध रही है. अब इस बात पर सभी की नज़रें हैं कि क्या प्रधानमंत्री के मंच पर रेड्डी बंधु या उनका कोई प्रतिनिधि नज़र आएगा या नहीं.