चुनाव प्रक्रिया पर उठे सवालों के बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज पार्टी मुख्यालय में अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल करेंगे। राहुल के सुबह 10.30 बजे पार्टी मुख्यालय पहुंचने की संभावना है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी की उम्मीदवारी के लिए प्रस्तावकों में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल की उम्मीदवारी के लिए प्रस्तावकों में मौजूदा अध्यक्ष के शामिल होने को लेकर पार्टी नेताओं के बीच संदेह था।
दूसरे नामांकन सेट में मनमोहन सिंह प्रमुख प्रस्तावक होंगे। सूत्रों ने बताया कि राहुल के पक्ष में कल 90 से ज्यादा नामांकन दाखिल किए जाने की संभावना है। चुनाव मैदान में राहुल गांधी के एकमात्र उम्मीदवार रहने की संभावना है और कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनके चुनाव के लिए सभी रास्ते खुल गए हैं।
वह अपनी मां सोनिया गांधी के उत्तराधिकारी होंगे जो इस पद पर 19 साल से हैं। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के अलावा गुलाम नबी आजाद, ए.के. एंटनी, पी. चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, अहमद पटेल तथा पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रस्तावकों के रूप में पत्रों पर हस्ताक्षर करेंगे। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकार के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन के अनुसार किसी अन्य ने अभी तक पर्चा दाखिल नहीं किया है।
संगठनात्मक चुनाव के लिए मुलापल्ली रामचंद्रन को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। रामचंद्रन ने कहा कि कई राज्यों द्वारा 90 नामांकन फॉर्म लिए गए हैं, हालांकि इसमें से किसी को अभी जमा नहीं किया गया है। नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हुई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर है।
इस बात की पूरी संभावना है कि कोई और प्रत्याशी नामांकन नहीं करेगा, इसलिए चुनाव की नौबत नहीं आएगी। ऐसी स्थिति में नामांकन पत्रों की जांच के बाद 5 दिसंबर को राहुल को कांग्रेस अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है। ऐसा होने पर वह अपनी मां सोनिया गांधी की जगह लेंगे, जो 1998 से कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष हैं। सोनिया गांधी ने कांग्रेस के इतिहास में सबसे ज्यादा समय तक अध्यक्ष पद संभाला है।