कांग्रेस को लगातार मिल रही हार से परेशान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रह चुके संजय बारू ने पार्टी को प्रदर्शन में सुधार और उसकी सत्ता वापसी के लिए सलाह दी है। बारू ने कहा कि पार्टी को फिर से जीवित करने के लिए नरेंद्र मोदी जैसे नेता की जरूरत है। कांग्रेस को चुनावों में लगातार हार मिल रही हैै। जानकारी के अनुसार संजय बारू ने ये बात एक पुस्तक विमोचन समारोह के दौरान हुई चर्चा में कही।
इस दौरान वहां कांग्रेस नेता शशि थरूर और मनीष तिवारी भी मौजूद थे। उनके सुझाव देने के तुरंत बाद मनीष तिवारी ने कहा कि हार-जीत चुनाव का हिस्सा है। किसी भी दल की जीत स्थायी नहीं होती और सरकारें बदलने के लिए ही होती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी जोरदार वापसी करते हुए वापस पुराने ढर्रे पर लौटेगी।
संजय बारू ने मनमोहन सिंह पर लिखी है किताब
बता दें कि संजय बारू ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर एक किताब भी लिखी है। ‘द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर: द मेकिंग एंड अनमेकिंग ऑफ मनमोहन सिंह’ नाम की इस किताब पर एक फिल्म भी बन रही है। यह किताब मनमोहन सिंह के पहले कार्यकाल पर आधारित है। इस किताब को लेकर काफी विवाद भी हुआ था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बेटी ने भी इस पर सवाल उठाए थे। उन्होंने संजय बारू की इस किताब की तुलना पीठ में छुरा घोंपने से करते हुए उन पर विश्वासघात का आरोप लगाया था।