भारतीय जनता पार्टी से तल्खियों के बीच शिवसेना ने बीजेपी के सहयोगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. सामना में छपे लेख में शिवसेना ने नीतीश से गोरक्षकों पर अपना रुख साफ करने को कहा है.

लेख में शिवसेना ने नीतीश पर हमला बोलते हुए अमित शाह के उस बयान को याद किया जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर बिहार में नीतीश कुमार की जीत होती है तो पाकिस्तान में पटाखे फूटेंगे. सामना में छपे लेख में शिवसेना ने पूछा, ‘बिहार में गठबंधन की सरकार में सहयोगी होने और नीतीश कुमार को समर्थन देने के बाद, क्या पाकिस्तान में पटाखे फूटेंगे? हम इसके बारे में नहीं जानते.’

शिवसेना ने कहा कि नीतीश कुमार पहले भी कई बार राजनीति में यू टर्न ले चुके हैं और अब वो एनडीए के साथ हैं. हालांकि, सीएम नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जो भी बातें कही हैं, उन्हें कैसे भूला जा सकता है.

साथ ही सामना के लेख में शिवसेना ने नीतीश कुमार द्वारा इशरत जहां के पक्ष में खड़े होने की बात भी याद दिलाई है. लेख में लिखा है कि गुजरात एनकाउंटर में लश्कर ए तैयबा के आतंकी इशरत जहां की मौत हुई थी, जिसके बाद नीतीश कुमार ने इशरत का पक्ष लिया था, क्या बीजेपी के लिए ये सही है? साथ ही शिवसेना ने नीतीश कुमार से गोरक्षकों पर भी अपनी राय व्यक्त करने की मांग की है.

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है. राहुल गांधी ने ट्वीट करके उद्धव ठाकरे को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. इसके भी सियासी मायने निकलने शुरू हो गए हैं. अब देखना होगा कि क्या शिवसेना बीजेपी का साथ छोड़ लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ मैदान पर उतरेगी या फिर बीजेपी के साथ रिश्तों में आई तल्खी को सुलझा लिया जाएगा.