छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों ने कहर बरपाया, जिसे अब तक का सबसे बड़ा नक्‍सली हमला कहा जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हुए हमले में 28 लोगों की मौत हो चुकी है और 30 से ज्यादा लोग घायल हैं।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश पटेल का शव भी बरामद हो चुका है। नंदकुमार और उनके बेटे को नक्सलियों ने कल शाम अगवा…

छत्तीसगढ़ नक्सली हमले में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं सहित 28 की मौत

छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों ने कहर बरपाया, जिसे अब तक का सबसे बड़ा नक्‍सली हमला कहा जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हुए हमले में 28 लोगों की मौत हो चुकी है और 30 से ज्यादा लोग घायल हैं।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश पटेल का शव भी बरामद हो चुका है। नंदकुमार और उनके बेटे को नक्सलियों ने कल शाम अगवा कर लिया था। बीती शाम कांग्रेस परिवर्तन यात्रा के दौरान हुए हमले में नक्सलियों ने कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व मंत्री महेंद्र कर्मा की भी हत्या कर दी। कांग्रेस के पूर्व विधायक उदय मुदलियार की भी नक्सलियों ने हत्या कर दी है।

इस भयंकर नक्सली हमले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीसी शुक्ल भी घायल हुए हैं। शुक्ल को एयर एंबुलेंस से रायपुर से गुड़गांव के मेदांता अस्पताल लाया गया है। इस हमले में कई स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं। कांग्रेस नेताओं पर हुए हमले से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सदमे में हैं। कांग्रेसियों का हाल-चाल जानने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और यूपीए अध्‍यक्ष सोनिया गांधी रायपुर पहुंच गए हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बीती रात ही रायपुर पहुंच गये थे।

हमले के विरोध में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान भी किया है, जिसका खासा असर पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही नक्सलियों के तांडव के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हुए हैं। रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि राहुल गांधी कह चुके हैं कि यह राजनीति करने का वक्‍त नहीं है, यह दुख की घड़ी है, जिसमें हम सबको एक साथ मिलकर चलना है।

उधर प्रदेश सरकार ने नक्सली हमले के विरोध में छत्तीसगढ़ में 3 दिन का राजकीय शोक रखा गया है। इन दिनों सभी सरकारी विभाग और कार्यलय बंद रहेंगे।

वहीं रायपुर में कांग्रेस दफ्तर की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। नक्सली हमले में कांग्रेस नेताओं की मौत से पार्टी शोक में हैं। रायपुर में कांग्रेस दफ्तर में झंडा झुका हुआ है। पार्टी के सभी लोग सदमे में हैं, क्‍योंकि कल तक जो लोग उनके साथ थे वे आज उन्‍हें छोड़ कर चले गए हैं।

By parshv