पिछले 50 दिनों से नोटबंदी को लेकर विपक्ष का विराेध झेल रही केंद्र सरकार पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बड़ा ऐलान कर सकती है। बताया जा रहा है कि 2 जनवरी को लखनऊ में होने वाली रैली में मोदी सरकार नोटबंदी पर हुए हमलों के ताबड़तोड़ जवाब देने की तैयारी में है। यह रैली बीजेपी के लिए गेम चेंजर साबित होगी।
कई बड़े पैकैज का एेलान
चुनाव आयोग द्वारा आचार संहिता लागू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रैली में ग्रामीण आबादी, कृषि क्षेत्र और छोटे-मध्यम उद्यमों के लिए कई बड़े राहत पैकेज का ऐलान कर सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग जनवरी के पहले हफ्ते में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकती है, जिसके बाद पांचों राज्यों में आचार संहिता लागू कर दी जाएगी।
फरवरी में बजट पेश करेंगे जेटली
बता दें कि फरवरी की पहली तारीख को वित्त मंत्री अरुण जेटली बजट पेश करेंगे। इस बार बजट में इनकम टैक्स में राहत के ऐलान की घोषणा की उम्मीद की जा रही है। यदि ये घोषणाएं की जाती हैं तो माना जा रहा है कि विपक्षी दल इसका जमकर विरोध करेंगे और चुनाव आयोग से गुहार लगाएंगे कि इसे मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन माना जाए। हालांकि वित्त मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि केन्द्रीय बजट केन्द्र सरकार का संवैधानिक कर्तव्य है और यह मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट की परिधि में नहीं आता है।