भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने देश व प्रदेश की तरक्की के लिए और पांच साल मांगे। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हम उत्तर प्रदेश को नम्बर वन राज्य बनाएंगे। राष्ट्रवाद व आतंकवाद के जरिए विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि आतंकी ठिकानों पर हमला हुआ तो पाकिस्तान के साथ ही कांग्रेस व सपा-बसपा के लोगों को दर्द हुआ। अमित शाह ने गुरुवार को सलेमपुर संसदीय क्षेत्र के सिकंदरपुर व बलिया संसदीय क्षेत्र के चितबड़ागांव में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।
जनता को कांग्रेस, सपा व बसपा से आगाह करते हुए कहा कि श्रीलंका में आतंकी हमले को अंजाम देने वाला व आतंकवादियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने वाला जाकिर नाइक भारत में फिर से आतंकवाद फैलाने के लिये कांग्रेस व गठबंधन सरकार की राह देख रहा है। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान का हवाला देते हुए शाह ने कहा कि राहुल, मायावती व अखिलेश भले ही आतंकवादियों से इलू-इलू करें, हमें कोई आपत्ति नहीं लेकिन भाजपा व मोदी सरकार का तय है कि पाक से गोली आएगी तो यहां से गोला जाएगा।
विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके लिए आतंकवाद वोट बैंक हो सकता है, हमारे लिए भारत मां की सूरत से बढ़कर कुछ भी नहीं। कहा कि भाजपा को सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के लिए वोट मत दीजिए। इसलिए जिताना है क्योंकि मोदी ने देश को सुरक्षित किया है। विश्व पटल पर भारत का सम्मान बढ़ाया है।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस देशद्राह की दफा हटाने की बात कर रही है, उसके मित्र उमर अब्दुल्ला कश्मीर में दूसरा प्रधानमंत्री का राग अलाप रहे हैं। भाजपा के रहते ऐसा कत्तई नहीं हो सकता। दोबारा सत्ता में आए तो कश्मीर से धारा 370 को हटाएंगे।
बाबा व बाबू के जरिए राहुल-अखिलेश पर हमला
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बाबा व बाबू के जरिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोला। भाजपा की योजनाओं को गिनाया तो जरूर लेकिन काम पर वोट की बजाए राष्ट्रवाद के नाम पर मतदान की अपील की। शाह ने कहा कि लम्बे समय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ काम कर रहा हूं। 20 वर्ष में इस शख्स ने एक भी छुट्टी नहीं ली। दूसरी ओर राहुल बाबा व अखिलेश बाबू हैं। गर्मी बढ़ते ही छुट्टी पर चले जाते हैं। चुटकी लेते हुए कहा कि इनकी मौज-मस्ती पर हमें कोई आपत्ति नहीं लेकिन राहुल बाबा कहां गए हैं, उनकी मां भी ढूंढती रह जाती हैं। कहा कि 325 लोकसभा क्षेत्रों का दौरा करके आया हंू। हर जगह बोली, भाषा खान-पान तो बदलता है लेकिन नारा सिर्फ एक ही है मोदी-मोदी। यह कोई चुनावी नारा या किसी नेता की हौसला आफजाई का नारा नहीं है। यह देश की 125 करोड़ जनता के अंदर की आवाज है।
सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार ने 7 करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन दिया, 8 करोड़ शौचालय बनवाए, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान के तहत पांच लाख तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा दी। इसके बावजूद वोट विकास की बजाए राष्ट्र के नाम पर करने की अपील की। कहा कि 10 वर्ष तक केन्द्र में कांग्रेस की सरकार रही। जवानों के सिर काटकर आतंकी ले जाते थे लेकिन मौनी बाबा मनमोहन सिंह उफ तक नहीं करते थे। नरेन्द्र मोदी के बाद देश में नया परिवर्तन आया है। विपक्ष को घेरते हुए कहा कि पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों पर हमला हुआ तो पाकिस्तान के साथ ही देश में भी राहुल बाबा, अखिलेश व मायावती के कार्यालयों में मातम छा गया था। इनको अपना वोट बैंक खतरे में दिख रहा था। हमें इसकी फिक्र नहीं है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गठबंधन न तो मजबूत सरकार दे सकता है और न आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे सकता है। मोदी व योगी की जोड़ी ने यूपी को गुंडों से मुक्त किया है। योगी सरकार ने गुंडों को उल्टा लटकाकर सीधा किया है। मजबूत सरकार के लिए फिर से भाजपा को वोट देने की अपील की।
जयप्रकाश के नारे से खुद को जोड़ा
तय समय से करीब दो घंटे बाद सिकंदरपुर और उतनी ही देर से चितबड़ागांव पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाषण की शुरूआत भारत माता की जय से की। महर्षि भृगु की धरती को प्रणाम करने के साथ ही चित्तू पांडे व मंगल पांडे को नमन किया। कहा कि यह जयप्रकाश नारायण की भी धरती है, जिन्होंने इंदिरा गांधी की बेलगाम सत्ता के खिलाफ बिगुल फूंका। अमित शाह ने कहा कि हमने अपने जीवन में पहला राजनीतिक नारा यही बोला था ‘अंधेरे में एक प्रकाश जयप्रकाश जयप्रकाश।’ अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को भी याद किया।