पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने मंगलवार को एक विवादित टिप्पणी करते हुए केंद्र शासित प्रदेश की उपराज्यपाल किरण बेदी को तानाशाह बताया है। नारायणसामी ने उपराज्यपाल की आलोचना करते हुए कहा कि वह तानाशाहों की तरह व्यवहार कर रही हैं और हिटलर की बहन लग रही हैं।
उपराज्यपाल किरण बेदी से मतभेदों के बाद लंबे वक्त से उनकी आलोचना कर रहे नारायणसामी ने मंगलवार को यह बयान दिया। इससे पहले नारायणसामी ने 8 नवंबर को भी किरण बेदी की आलोचना करते हुए अभद्र टिप्पणी की थी। उस वक्त नारायणसामी ने कहा था कि सीएम किरण बेदी केंद्र सरकार की तमाम योजनाओं को राज्य तक पहुंचने से रोक रही हैं।
उपराज्यपाल पर तीखी टिप्पणी करते हुए नारायणसामी ने कहा कि केंद्र ने उनके प्रदेश में एक दानव को बैठा दिया है, जो प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से होने वाले फंड्स के आवंटन को रोक रही हैं। बता दें कि पूर्व आईपीएस ऑफिसर किरण बेदी को साल 2016 में पुडुचेरी का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया था और तभी से सीएम नारायणसामी से कई बार उनके मतभेद सार्वजनिक रूप से सामने आ चुके हैं।