नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की फसल बर्बादी को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। पीएम ने किसानों का मुआवजा पहले के मुकाबले डेढ़ गुना बढ़ा दिया है। इसके लिए मुआवजा देने की शर्तों में भी बदलाव किया गया है।
बेमौसम बरसात से किसानों की फसल बर्बादी को लेकर मोदी सरकार कितनी गंभीर हैइसका उदाहरण आज दिल्ली में देखने को मिला। विज्ञान भवन में मुद्रा बैंक की लॉन्चिंग के मौके पर पीएम मोदी ने किसानों की मदद को लेकर एक बड़ा फैसला किया।
इसके मुताबिक अब किसानों के फसल बर्बाद होने पर उन्हें डेढ लाख रुपये मुआवजे के रुप में दिये जाएंगे। इसके पहले ये मुआवजा एक लाख रूपये का था। प्रधानमंत्री ने इसके लिए शर्तों में भी कुछ बदलाव किये हैं।
पीएम के ऐलान के मुताबिक अगर किसानों की फसल 33 फीसद बर्बाद होती है तो उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। पहले यह शर्त 50 फीसद थी। वहीं फसल की बर्बादी पर पहले एक लाख रुपये मुआवजे के रूप में दिये जाते थे, जो बढ़ा कर अब डेढ़ लाख रूपये कर दिया गया है।