एटा। केन्द्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा कि दागियों के बचाव के लिए लाए गए अध्यादेश के मुद्दे पर वह राहुल गांधी के साथ है। वर्मा ने कहा कि दागियों के संबंध में लाए गए अध्यादेश के मुद्दे पर वह राहुल गांधी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि जो राहुल गांधी ने कहा वह बिल्कुल सही कहा। कहीं तो रोक लगनी चाहिए अपराधियों पर। 

उन्होंने कहा कि जिस कैबिनेट में ये अध्यादेश पास हुआ था उसमें मैं नहीं था। जब उनसे पूछा गया कि जिस कोर ग्रुप में ये अध्यादेश पास हुआ था उसमें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी थे तो उन्होंने कहा हमारे नेता राहुल गांधी है जो उन्होंने कहा वह ठीक है। मुलायम सिंह के साथ तल्ख रिश्तों पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि बहुत दिन साथ रहे हैं कुछ दिन झगड़ा भी रहे। वह 35 साल मुलायम सिंह के साथ थे। 

उच्चतम न्यायालय के मतदाताओं को मतदान मशीन में कोई नहीं का विकल्प देने पर उन्होंने इसका स्वागत करते हुए कहा कि ये रूल आफ लैंड है इसे करना पडेगा। इससे यदि वोटर को कोई उम्मीदवार पसंद नहीं है तो अपनी राय तो दे ही सकता है। दागियों के मुद्दे पर अध्यादेश को वापस लेने पर क्या प्रधानमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए तो उन्होंने इसे नजर अंदाज करते हुए कहा कि डा. सिंह ने कहा दिया है कि राहुल गांधी आदर्श प्रधानमंत्री होंगे और उनके नीचे काम करने में खुशी होगी। 

जब उनसे पूछा गया कि समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव तीसरे मोर्चे के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार है इस पर उन्होंने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता प्रकाश करात ने कहा दिया है कि कोई थर्ड फ्रंट नहीं है हम कांग्रेस के साथ भी जा सकते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली को उत्तर प्रदेश की सरकार द्वारा रोके जाने की संभावना पर उन्होंने कहा कि मोदी की रैली को रोकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि अब समाजवादी पार्टी मोदी का मुकाबला नहीं कर पाएगी। 

उन्होंने कहा कि मोदी और गांधी के बीच प्रधानमंत्री पद का मुकाबला होने की सम्भावना पर उन्होंने कहा कि मोदी ने अभी पार्लियामेंट का मुंह नहीं देखा है। मोदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि वो नकली लाल किले पर ही अपना दिल बहलाते रहेंगे। 

By parshv