मोदी भाजपा संसदीय बोर्ड में, वरूण गांधी महासचिव! ऎलान होगा रविवार को

0

इमालवा – नई दिल्ली। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर भाजपा संसदीय बोर्ड ने मुहर लगा दी है। इस तरह छह साल बाद पार्टी की सबसे ताकतवर समिति में मोदी की वापसी हो रही है। यह पहला मौका है जब भाजपा संसदीय बोर्ड में किसी मुख्यमंत्री को शामिल किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम पर भी विचार किया गया था, लेकिन मोदी बाजी मार ले गए। आगामी लोकसभा चुनाव 2014 को ध्यान में रखकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी के साथ मिलकर बीती रात अपनी टीम को अंतिम रूप दे दिया। इसका ऎलान रविवार को होगा। मैराथन चिंतन के बाद भी राजनाथ अपनी टीम में ज्यादा बदलाव नहीं कर पाए।

सूत्रों के मुताबिक टीम राजनाथ में उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी से मुकाबला करने के लिए वरूण गांधी को पार्टी का महासचिव बनाया है। वहीं नरेन्द्र मोदी के दबाव के कारण अमित शाह को भी महासचिव बनाया जा रहा है। शाह अब भाजपा के राष्ट्रीय चेहरा होंगे। मोदी को संसदीय बोर्ड का सदस्य बनने की अटकलें उनके लगातर तीसरी बार गुजरात चुनाव जीतने के बाद से ही चल रही थीं। राजनाथ सिंह ने भी मोदी के बढते कद को स्वीकार किया था। वैसे पार्टी में अध्यक्ष के बाद प्रमुख माने जाने वाले महासचिव पद पर ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। महज खाली जगहों को ही भरा गया है।

सूत्रों की मानें तो वर्तमान महासचिवों में किरण माहेश्वरी, अनंत कुमार, थावर चंद गहलोत, धर्मेन्द्र प्रधान और जेपी नड्डा को दोबारा महासचिव बनाया गया है। वहीं अनुसूचित जनजाति कोटे से तापीर गाव की जगह जुएल ओरांव को महासचिव बनाया गया है। संगठन महामंत्री रामलाल पद पर बने रहेंगे। नवें महासचिव के लिए राजीव प्रताप रूडी और मुख्तार अब्बास नकवी के बीच रस्साकशी जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसमें अल्पसंख्यक होने की वजह से नकवी बाजी मार ले जाएंगे |