प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनावी राज्य कर्नाटक में भाजपा की 90 दिनों की यात्रा की समाप्ति के मौके पर बेंगलुरू में एक रैली को संबोधित करते हुए आगामी चुनाव में भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर येदियुरप्पा के नाम का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने इस रैली में कांग्रेस पर एक साथ कई हमले किए और राज्य सरकार को विकास के मोर्चे पर कटघरे में खड़ा कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं पहले भी आया हूं, लेकिन जिस तरह की भीड़ इस बार की रैली में देखने को मिली ऐसा दृश्य कभी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो गया है।

माहौल बता रहा हवा का क्या रुख है
मोदी ने कहा कि आज की रैली का माहौल बता रहा है कि हवा का क्या रूख है। उन्होंने कहा कि लोगों ने ठान लिया है कि कर्नाटक से कांग्रेस को मुक्त करके रहेंगे। पीएम ने कहा कि कांग्रेस कल्चर की अब देश को जरूरत नहीं है। पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीना आसान बनाया है। कर्नाटक में भी अगर बीजेपी की सरकार होती तो ज्यादा फायदा होगा।  पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीना आसान बनाया है। कर्नाटक में भी अगर बीजेपी की सरकार होती तो ज्यादा फायदा होगा।

कर्नाटक को हमारी सरकार ने दिए 2 लाख करोड़
हमारी सरकार ने कर्नाटक को 2 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। कुछ लोग देश हित की जगह अपने हित की चिंता करते हैं। उज्ज्वला योजना में कर्नाटक में साढ़े आठ लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए। कांग्रस के समय में कर्नाटक को 70 हजार करोड़ रुपये मिलते थे।

कर्नाटक के लोगों को जाम से मिलेगा छुटकारा
पीएम मोदी ने कहा कि केन्द्र से ज्यादा पैसा मिलने के बाद भी कर्नाटक में विकास नहीं हुआ। बेंगलुरू में रेल नेटवर्क से यहां के लोगों को जाम से छुटकारा मिलेगा। बेंगलुरू शहर में रेल नेटवर्क के लिए 17 हज़ार करोड़ रूपये दिए। उड़ान योजना के तहत हम छोटे शहरों को विमान सेवा से जोड़ रहे हैं। हमारी सरकार में किसानो को यूरिया के लिए परेशान नहीं होना पड़ता है।

मोदी एक नवंबर को शुरू हुई इस तीन माह की यात्रा के संपन्न होने पर आयोजित रैली को 28 जनवरी को ही संबोधित करने वाले थे। लेकिन उनके व्यस्त रहने की वजह से रैली चार फरवरी के लिए टाल दी गई थी।

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए, भाजपा ने इस यात्रा का आयोजन किया था और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य इकाई प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के नेतृत्व में राज्य के 224 विधानसभा क्षेत्रों की यात्रा की। यहां इस वर्ष अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

केंद्र से मिले पैसे पर कांग्रेस, भाजपा में जुबानी जंग
पीएम मोदी की रैली से पहले राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच एक जुबानी जंग छिड़ गई है। दरअसल, भगवा पार्टी प्रमुख अमित शाह ने दावा किया कि केंद्र ने कर्नाटक को विभिन्न योजनाओं के तहत तीन लाख करोड़ रुपया से अधिक दिया है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव और कर्नाटक के कृषि मंत्री कृष्ण बैरेगौड़ा ने अमित शाह की टिप्पणी को झूठ बताया।

राव ने कहा कि भाजपा के पास कर्नाटक के लोगों को पेश करने के लिए सिर्फ आधा सच है। भाजपा ऐसे कह रही है, जैसे कि इसने राज्य को तोहफे में धन दिया है, जबकि हकीकत में सभी राज्य संवैधानिक रूप से इसके हकदार हैं। बैरेगौड़ा ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने उस तरीके को देखा है जिसके तहत भाजपा सरकार ने 2009 से 2013 के दौरान राज्य को लूटा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक को 10,533 करोड़ रूपया कम मिला, जिसका वह हकदार था।

उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि आप ( प्रधानमंत्री) हमें कल तीन लाख करोड़ रूपया नहीं देंगे …लेकिन कम से कम आप अनुदान में कम रही राशि ही कर्नाटक को जारी कर दीजिए। इस पर भाजपा प्रदेश प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी अक्षमता छिपाने के लिए अनुदान के बारे में बात कर रही है।