भाजपा की गौरव यात्रा से पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सरदार पटेल व पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के प्रति अन्याय का आरोप लगाते हुए कांग्रेस से इसका जवाब मांगा। शाह सहित सभी नेताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को उनके हालिया बयानों को लेकर घेरा। उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा कि राहुल में अभी बालकबुद्धि है।

सरदार पटेल की जन्मस्थली करमसद में प्रदेश गौरव यात्रा को रवाना कराने से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी के एक-एक आरोप का जवाब दिया। शाह ने कहा, गुजरात की सत्ता में नरेंद्र मोदी के आने के बाद राज्य का विकास शुरू हुआ। विकास का मजाक उड़ाने वाले समझ लें कि आगामी चुनाव में जनता उनका मजाक उड़ाएगी। राहुल भाजपा से हिसाब मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें हिसाब देना चाहिए कि उनकी तीन पीढि़यों ने गुजरात के साथ अन्याय क्यों किया। सरदार पटेल, मोरारजी देसाई और नरेंद्र मोदी का विरोध करने का हिसाब उन्हें देना होगा। केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद वहां मोदी और यहां विजय रूपाणी के रूप में गुजरात के विकास में दो इंजन लग गए। लेकिन, कांग्रेस को राज्य का विकास नजर नहीं आता। शाह ने सवाल किया कि राहुल गांधी ये बताएं कि 10 साल केंद्र में डॉ. मनमोहन सिंह व सोनिया गांधी की सरकार ने किसानों, युवाओं व महिलाओं का क्या भला किया। कांग्रेस शासन में नवनिर्माण आंदोलन हो या महंगाई अथवा आरक्षण के विरुद्ध आंदोलन कांग्रेस सरकारों ने युवाओं, किसानों व जनता पर गोलियां चलाई थीं।

मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद गुजरात को मिलने वाले अनुदान, योजनाओं व अन्य मदों में मिलने वाली राशि दोगुना से अधिक हो गई है। स्थानीय निकायों को पहले 63 हजार करोड़ मिलते थे जो अब बढ़कर एक लाख 58 हजार करोड़ से अधिक हो गए हैं। राज्य सरकार को विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले 43 हजार करोड़ अब बढ़कर एक लाख 22 हजार करोड़ हो गए हैं। शाह यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि मोदी मॉडल को आज पूरे देश की जनता ने स्वीकार कर लिया है। मोदी के सत्ता संभालने के बाद गुजरात में कभी क‌र्फ्यू नहीं लगा। सभी तरफ शांति और समृद्धि बढ़ी है। वाईब्रेंट महोत्सव से राज्य में निवेश भी बढ़ा है।