कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी पार्टियों ने विपक्षी दलों की तुलना ‘सांप, कुत्ते, बिल्ली’ से करने पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की निंदा करते हुए कहा है कि वह राजनीतिक चर्चा को एक ‘नए निचले स्तर’ पर ले गए हैं.
भाकपा और तृणमूल कांग्रेस ने भी शाह के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी सत्तारूढ़ राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष से इस तरह के बयान की अपेक्षा नहीं रखता है.
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि अमित शाह की टिप्पणियां ‘शर्मनाक’ हैं. यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है. वे बार-बार राजनीतिक चर्चा को निचले से निचले स्तर तक घसीट कर ले गए हैं. यह शर्मनाक है. हम उनसे और क्या उम्मीद कर सकते हैं. यह उनके डीएनए में है.
क्या बोले थे अमित शाह
बता दें कि शाह ने भाजपा के स्थापना दिवस पर मुंबई में एक रैली में कहा था, ‘2019 (चुनाव) के लिए उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. विपक्षी एकजुटता की कोशिश हो रही है. जब भारी बाढ़ आती है तो सब कुछ बह जाता है. केवल एक वटवृक्ष बचता है और बढ़ते पानी से खुद को बचाने के लिए सांप, नेवला, कुत्ते और बिल्लियां और अन्य जानवर साथ आ जाते हैं. ‘ उन्होंने कहा था, ‘मोदी बाढ़ के कारण सभी बिल्ली, कुत्ते, सांप और नेवला मुकाबला करने साथ आ रहे हैं.’