राज्यसभा में लंबे समय तक असम का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को कांग्रेस की प्रदेश इकाई के नेताओं का आह्वान किया कि राज्य में फिर से पार्टी का पुराना गौरव वापस लाना है और सरकार बनानी है। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से यहां सम्मानित किए जाने के मौके पर सिंह ने यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा, ‘‘ असम ने मुझे राज्यसभा में सीट दी। मैं इसके लिए राज्य का आभारी हूं।” पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी का असम के लोगों के साथ खास रिश्ता है। यह रिश्ता महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय से है। यह रिश्ता सोनिया जी और राहुल जी तक बरकरार है।”
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया, ‘‘ हमें फिर अपने नेताओं के दिखाए रास्ता पर लौटना है और असम में फिर सरकार बनानी है। हमें कांग्रेस का पुराना गौरव फिर से लौटाना है।” सिंह को सम्मानित किए जाने के मौके पर कांग्रेस संसदीय दल की नेता और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।