लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मंथन करने के लिए भाजपा केंद्रीय समिति की बैठक शुरू हो चुकी है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, थावरचंद गहलोत, नितिन गडकरी आदि मौजूद हैं। बैठक में 11 राज्यों के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा होने की संभावन है साथ ही आज भाजपा 100 से अधिक उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर सकती है।

इससे पहले यह बैठक सोमवार को आयोजित की जानी थी। लेकिन गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के चलते बैठक को मंगलवार तक के लिए टाल दिया गया था। बता दें कि चुनाव आयोग ने सोमवार को पहले चरण के लिए अधिसूचना जारी की थी और आज दूसरे चरण की अधिसूचना जारी हो चुकी है। पहले और दुसरे चरण के लिए नामांकन का दौर शुरू हो गया है।

भाजपा केंद्रीय समिति की बैठक शनिवार को भी हुई थी, देर रात 2 बजे तक चली बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हुआ था। लेकिन लिस्ट निकलकर सामने नहीं आई। माना जा रहा है कि भाजपा सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में करीब 2 दर्जन से अधिक सीटों पर उम्मीदवार बदल सकती है।