उन्नाव गैंगरेप केस में सीबीआई ने आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को गिरफ्तार कर लिया है। कुलदीप सेंगर को उनके इंदिरा नगर इलाके के घर से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद भी दबंग विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की अकड़ देखने को मिली। उन्नाव सामूहिक बलात्कार के सिलसिले में सीबीआई ने 3 मामले दर्ज किए हैं। भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर से पूछताछ की जा रही है। बता दें कि केंद्र ने यूपी सरकार की सिफारिश मंजूर करते हुए गुरुवार की शाम इस मामले की जांच CBI से कराने का आदेश जारी किया था। इससे पहले हाई कोर्ट की फटकार के बाद पुलिस ने आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

गौरतलब है कि बीते बुधवार शाम को लखनऊ एसएसपी के आवास के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला था। जहां आरोपी भापा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर देर रात बेहद नाटकीय घटनाक्रम के तहत लखनऊ के एसएसपी के घर पहुंचे। खबरें आ रही थीं कि सेंगर यहां सरेंडर करेंगे, लेकिन हुआ कुछ और। विधायक एसएसपी के घर पहुंचे जरूर, लेकिन उन्होंने सरेंडर नहीं किया बल्कि वहां पर खुद को बेगुनाह बताते हुए कहने लगे कि वे सिर्फ एसएसपी से मिलने आए थे। सरेंडर के सवाल पर उन्होंने कहा कि जैसा पार्टी हाईकमान आदेश देगा, वे उसका पालन करेंगे।

आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में दर्ज है केस
पीड़िता की मां की तहरीर पर उन्नाव के माखी थाने में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विधायक के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 376 ,506 और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दायर किया गया है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के के डीजीपी ने कहा था कि मामला सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया है इसलिए गिरफ्तारी पर फैसला सीबीआई ही लेगी।