तालिबान पर बरसे पाक मंत्री, दी भारत की मिसाल

0

इस्लामाबाद। 23 सुरक्षाकर्मियों की हत्या से नाराज पाकिस्तान के एक मंत्री ने तालिबान को खूब खरी-खोटी सुनाई और कहा कि दुश्मन समझा जाने वाला भारत भी कैदियों के साथ गरिमा से पेश आता है।

सूचना मंत्री परवेज राशिद ने 1971 के युद्ध, जब भारत ने 90,000 पाकिस्तानी सैनिकों को कैदी बना लिया था, के बारे में बात करते हुए कहा कि यहां तक कि दुश्मन समझा जाने वाले भारत ने भी अंतरराष्ट्रीय परंपराओं के मुताबिक कैदियों से बर्ताव किया। राशिद ने कहा कि हम भी भारतीय कैदियों के साथ ठीक तरह से पेश आए।

तालिबान की आलोचना करते हुए राशिद ने कहा, तालिबान शरिया की बात करता है पर क्या शरिया उन्हें कैदियों से ऐसा बर्ताव करना सिखाता है? उन्हें इस पर सफाई देनी चाहिए।

गौरतलब है कि तालिबान ने अपने कब्जे में आए फ्रंटियर कॉर्प्स के 23 जवानों को मौत के घाट उतार दिया है। ये सुरक्षाकर्मी 2010 से तालिबान के कब्जे में थे।