वॉशिंगटन। अमेरिका में गत सप्ताहांत से जारी रिकॉर्ड शीतलहर और बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम चुकी है। कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित है और कई सड़क हादसे हो चुके हैं।
राष्ट्रीय मौसम विभाग ने आज वर्जीनिया से न्यूयॉर्क तक पांच इंच और बर्फ गिरने का अनुमान जताया है। देश के आधे पश्चिमी हिस्से में तापमान सामान्य से 30 डिग्री तक कम रिकॉर्ड किया गया है तथा कुछ हिस्सों में शून्य से 41 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया है। विभाग के मौसम विज्ञानी ब्रूस सुलिवन ने कहा कि यह स्थिति जल्द बदलने वाली नहीं है।
वर्जीनिया और पेनसिल्वेनिया में सोमवार सुबह सैकड़ों व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बिजली आपूर्ति नहीं थी। खराब मौसम के कारण विमान सेवाएं भी बाधित रहीं। सड़कों और हवाई अड्डों में विमान पट्टियों पर बर्फ बिछी है। उत्तरी मेरीलैंड में सात से 10 इंच मोटी बर्फ की चादर है। न्यूयॉर्क में सोमवार सुबह से 10 इंच बर्फ पड़ चुकी है।