अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने यमन में हौथी विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के हालिया हवाई हमलों के लिए अपना समर्थन जताया है. व्हाइट हाउस से जारी एक बयान के मुताबिक, ओबामा ने सऊदी के शाह सलमान से बातचीत में यमन में सऊदी अरब और खाड़ी सहयोग परिषद की कार्रवाई पर अमेरिका का समर्थन जताया.

शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया कि ओबामा और सलमान ने इस पर सहमति जताई कि उनका उद्देश्य यमन में राजनीतिक समाधान के जरिए स्थाई शांति हासिल करना है. अमेरिका में सऊदी अरब के राजदूत ने बुधवार को कहा था कि सऊदी अरब और उसके साथी खाड़ी देशों ने यमन में हौथी विद्रोहियों पर हवाई हमले शुरू किए हैं.

मध्य-पूर्व के कुछ देशों ने इस कार्रवाई का समर्थन किया है, लेकिन ईरान और कुछ अन्य देशों ने इसका विरोध करते हुए यमन के राजनीतिक संकट के समाधान के लिए बातचीत का रास्ता अपनाने की बात कही है. विद्रोहियों के बढ़ते दबाव के बीच यमन के राष्ट्रपति अब्द-रब्बु मनसौर हैदी ने दक्षिणी शहर अदन स्थित अपने आवास को छोड़ दिया था.

By parshv