काठमांडू। माउंट एवरेस्ट पर अगले सप्ताह से चढ़ाई बहाल होगी। नेपाल में आए भीषण भूकंप से दुनिया की सबसे ऊंची चोटी भी नहीं बची थी। यहां हुए भारी हिमस्खलन में 18 लोग मारे गए थे।

पिछले शनिवार को हुए हिमस्खलन के चलते एवरेस्ट बेस कैंप का काफी हिस्सा मलबे में दफन हो गया था। एवरेस्ट पर चढ़ाई का रास्ता भी ध्वस्त हो गया है। इससे इस साल की चढ़ाई के भविष्य के बारे में संदेह बढ़ने लगी थी। लेकिन पर्यटन विभाग के प्रमुख तुलसी गौतम ने पर्वतारोहियों को अभियान नहीं छोड़ने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि मरम्मत का काम चल रहा है जिससे चढ़ाई का सीजन अगले कुछ सप्ताहों तक जारी रह सकता है।

 गौतम ने कहा, ‘सीढि़यों के मरम्मत का काम अगले दो-तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा और चढ़ाई बहाल हो जाएगी। इसलिए किसी के लिए अपना अभियान छोड़ने की कोई वजह नहीं है।’ उन्होंने आगामी भूकंप की चिंताओं को भी महत्व नहीं दिया। उल्लेखनीय है कि जब हिमस्खलन हुआ था उस समय एवरेस्ट पर करीब 800 पर्वतारोही थे।

By parshv