शिवराज को है पूरा यकीन, वे लगाएंगे ‘हैट्रिक’

0

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अब महज दो ही दिन शेष रह गए हैं। इससे पहले आए चुनावी सर्वो में राज्य में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा को लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत से आते हुए दिखाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री ने भी अपने तीसरी बार जीत की बात दोहराई है। उन्होंने कहा कि वह जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि वह इस बार पहले से भी ज्यादा मतों से जीतेंगे। इसकी वजह उन्होंने जनता का प्यार और राज्य में हुआ विकास बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले दस वर्षो में हुए विकास के दम पर जनता से वोट मांग रही है।

चुनाव पूर्व हुए सर्वो का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह चुनाव में जीत के बाद मिलने वाली सीटों पर कोई बहस नहीं करना चाहते हैं, लेकिन भाजपा तीसरी बार पूर्ण बहुमत से राज्य में अपनी सरकार बनाएगी, यह बात तय है। गौरतलब है कि वर्ष 2008 में भाजपा ने राज्य की 230 सीटों में से 143 सीटों पर जीत हासिल की थी। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस उनकी जीत और उनको मिले समर्थन से घबरा गई है। कांग्रेस जानती है कि उनपर निजी आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल किए बिना वह वह सत्ता में नहीं आ सकती है। इसलिए वह यह काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक स्तर बेहद गिर चुका है। गौरतलब है कि शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह ने हाल ही में मुख्यमंत्री की छवि बिगाड़ने के लिए कांग्रेस पर आरोप लगाए थे और कांग्रेस को कानूनी नोटिस भी भेजा था।