जनसम्पर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के अवसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। डॉ. मिश्र ने शोक संदेश में कहा कि भारतीय राजनीति में अटल जी ने शुचिता, सदभाव, मैत्री और सामंजस्य के गुणों तथा मूल्यों की स्थापना की। वे सर्वमान्य, सर्व-स्वीकार्य और अजातशत्रु राजनेता थे।
जनसम्पर्क मंत्री ने कहा कि अटल जी ने विपक्ष के राजनेता के रूप में, विदेश मंत्री के रूप में, प्रधानमंत्री के रूप में सबसे अलग पहचान बनाई। अटल जी का साहित्य के प्रति गहरा अनुराग था। कारगिल युद्ध के समय उनके नेतृत्व में प्रदर्शित शौर्य ने भारत की गरिमा को बढ़ाया। अटल जी ने मध्यप्रदेश का भी गौरव बढ़ाया। उन्होंने राष्ट्रभाषा हिन्दी के सम्मान के लिए विश्व स्तर पर अथक प्रयास किए।
डॉ. मिश्र ने अटल जी को श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि आज पूरा राष्ट्र दु:खी है। स्व. अटल जी की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए उन्होंने सम्पूर्ण राष्ट्र रूपी परिवार को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति देने की कामना की है।