मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा गुरुवार को कटनी जिले पहुंची। यहां विजयराघवगढ़ से होते हुए सीएम बरही पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
कहा- कांग्रेस मुझसे 14 साल का हिसाब मांग रही है। वो अपने 50 साल के शासन का हिसाब क्यों नहीं दे रही? मुख्यमंत्री ने कहा- इंदिरा-राजीव गांधी ने गरीबी हटाने का नारा दिया था, पर गरीबी तो नहीं हटी, गरीबों को ही हटा दिया गया। प्रदेश आज बीमारू राज्य नहीं, बल्कि विकसित राज्य बन रहा है। आगामी वर्षों में प्रदेश में गरीबी दूर हो जाएगी।
सरकार गरीबी मिटाने के लिए पूरा रोडमैप बना चुकी:
इसके बाद मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा उमरिया पहुंची। जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोई भी परिवार अब बगैर जमीन व आवास के नहीं रहेगा। भाजपा की सरकार गरीबी मिटाने के लिए पूरा रोडमैप बना चुकी है। गांव-गांव एक रुपए में अनाज, नि:शुल्क बिजली, युवाओं को स्वरोजगार दिलाकर हम प्रदेश को उन्नति के रास्ते पर ले जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा हमारी सरकार सेवक बनकर शासन करती है। कांग्रेस के कार्यकाल में मुख्यमंत्री राजा हुआ करते थे और जनता का अपनी प्रजा के रूप में शोषण करते थे। मैंने यह दुर्भावना खत्म कर हर महिला को अपनी बहन और बच्चों को भांजा माना है। अब अगला लक्ष्य प्रदेश को गरीबी के दंश से बाहर निकालना है।
जनता का विश्वास नहीं टूटने दूंगा:
इसके बाद यात्रा कटनी जिले में पहुंची। बरही में रथ पर सवार शिवराज ने कहा कि कहा कि जान भले ही चली जाए पर जनता का विश्वास नहीं टूटने दूंगा। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार हर स्तर पर गरीब, किसान, मजदूर के उत्थान के लिए गंभीरता से काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना, सरल बिजली संबल योजना का लाभ लोगों को मिल रहा है। आगामी सालों में प्रदेश में गरीबी दूर हो जाएगी, खुशहाल मध्यप्रदेश का निर्माण होगा।