मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश को आजादी अनेक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान से मिली है। आज देश, प्रदेश और समाज के लिये जीने की जरूरत है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ रवीन्द्र भवन में स्वाधीनता पर्व को संबोधित कर रहे थे। अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा विभिन्न क्षेत्र की विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री सरताज सिंह भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को अग्रणी बनाने में हर नागरिक योगदान दे। मध्यप्रदेश की विकास दर देश में सबसे अधिक है। प्रदेश के युवा उद्यमी बनें। आई.आई.टी. और आई.आई.एम. जैसे उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रदेश के युवाओं के प्रवेश लेने पर उनकी फीस राज्य सरकार भरेगी। शहीदों की स्मृति में भोपाल में शौर्य स्मारक बनाया जा रहा है। शहीदों के स्मारक प्रेरणा के केन्द्र बनेंगे।

कार्यक्रम में संस्कृति राज्य मंत्री श्री पटवा ने कहा कि स्वराज संस्थान द्वारा स्वाधीनता संग्राम की स्मृति को बनाये रखने की पहल की गई है।

कार्यक्रम में अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद राष्ट्रीय सम्मान से वर्ष 2012-13 के लिये श्री हीरालाल शर्मा, बड़वानी, वर्ष 2013-14 के लिये वेदमाता गायत्री ट्रस्ट शांतिकुंज, हरिद्वार एवं वर्ष 2014-15 के लिए श्री कैलाश सत्यार्थी, नई दिल्ली को सम्मानित किया गया।

महर्षि वेद व्यास राष्ट्रीय सम्मान से वर्ष 2012-13 के लिये माधव राव सप्रे स्मृति समाचार-पत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान, वर्ष 2013-14 के लिये श्री पवन सिन्हा, नई दिल्ली को तथा वर्ष 2014-15 के लिए श्री आनंद कुमार, पटना को सम्मानित किया गया। इसी तरह महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान 2012-13 से भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, चांपा (छत्तीसगढ़), वर्ष 2013-14 के लिए श्री सुनील देशपांडे, लवादा (महाराष्ट्र) एवं वर्ष 2014-15 के लिए मातृछाया, भोपाल से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती साधना सिंह सहित जन-प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन आयुक्त संस्कृति श्री अजातशत्रु श्रीवास्तव ने किया।

प्रमुख सचिव संस्कृति श्री मनोज श्रीवास्तव ने पुरस्कृत संस्थाओं का प्रशस्ति-वाचन किया। इस मौके पर प्रख्यात संगीतकार गायक श्री आनंद राज आनंद एवं उनके दल द्वारा देशभक्ति गीतों की सांगीतिक प्रस्तुति दी गई।

 

By parshv