भोपाल। यदि एक्जिट पोल के अनुसार नतीजे रहे तो नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनना तय है, ऐसे में मोदी के संभावित मंत्रीमंडल के लोकर भी चर्चाए शुरु हो गई है। प्रदेश से पांच मंत्रियों को मोदी मंत्रीमंडल में शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही है, जिसमें सुषमा स्वराज और सुमित्रा महाजन प्रमुख है।
प्रदेश भाजपा में मोदी सरकार के संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मप्र के चार-पांच सांसदों को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इनमें विदिशा से चुनाव लड़ रही सुषमा स्वराज का नाम तय माना जा रहा है। स्वराज को अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में भी महत्वपूर्ण विभागों को संभालने का अनुभव है। एक वरिष्ठ नेता का मानना है कि भले ही सुषमा को आडवाणी कैंप का माना जाता है, परंतु मोदी उनकी उपेक्षा नहीं करेंगे।
ग्वालियर से पार्टी प्रत्याशी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद प्रभात झा का नाम भी संभावित मंत्रियों में प्रमुखता से लिया जा रहा हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी तोमर का समर्थन करेंगे। वहीं झा को कार्यकर्ताओं पर मजबूत पकड़ और संघ में अच्छी पैठ का फायदा मिल सकता है। भाजपा सूत्रों के अनुसार मोदी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी झा के करीबी हैं।
इसके अलावा भाजपा अनुसूचित जाति जनजाति मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष व चार बार के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और भारतीय जनता मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष प्रहलाद पटेल को भी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।