राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने बुधवार की शाम जिला अस्पताल सागर का सघन मुआयना किया। राज्यपाल श्रीमती पटेल ने जिला अस्पताल के ओपीडी, विशेष नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू), पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी), शिशु वार्ड, महिला नसबंदी वार्ड, पैथालॉजी लैब आदि का गहनता से निरीक्षण कर अस्तपाल में दाखिल हुये शिशुओं व अन्य मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस मौके पर सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, नगर निगम सागर के महापौर श्री अभय दरे, कलेक्टर श्री आलोक कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ल के अलावा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण मौजूद थे।

ओपीडी में राज्यपाल श्रीमती पटेल ने मरीजों को अस्पताल में दाखिल करने की व्यवस्था की जानकारी ली। विशेष नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में राज्यपाल ने नवजात शिशुओं के उपचार की विशेष व्यवस्थाओं के बारे में जाना। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. सर्राफ ने राज्यपाल को बताया कि इस केन्द्र में क्रिटिकल कंडीशन में आने वाले शिशुओं का विशेष उपचार किया जाता है। राज्यपाल ने एसएनसीयू की व्यवस्थाओं की सराहना की।

इसके पश्चात् राज्यपाल श्रीमती पटेल ने पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) का मुआयना किया। एनआरसी के सभी बेड्स भरे हुये पाये गए। यहां राज्यपाल ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि वे शिशुओं की माताओं को चना-गुड का अधिकाधिक सेवन करने तथा एनआरसी की दीवारों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिये उनकी शारीरिक बढ़त और डाईट चार्ट एवं माता के साथ आने वाले बड़े बच्चों के लिये पहाड़े आदि पेंट कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इससे बहुत सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। राज्यपाल ने एनआरसी की भोजन शाला का भी मुआयना किया।

राज्यपाल श्रीमती पटेल ने शिशु वार्ड में नवजात बच्चों को दिये जा रहे उपचार, महिला नसबंदी वार्ड में प्रसूताओं को दिये जा रहे कैलोरी से भरपूर भोजन व अन्य उपचार की जानकारी ली। राज्यपाल जिला अस्पताल की पैथालॉजी लैब भी पहुंची और विविध प्रकार की स्वास्थ्य जांचों के बारे में जानकारी ली।